अमेठी सिटी। संग्रामपुर थाना क्षेत्र में पुजारी का शव बुधवार को संदिग्ध हालात में पेड़ से लटकता मिला। पुलिस का कहना है कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
क्षेत्र के उमापुर मजरे संग्रामपुर निवासी माता प्रसाद मिश्र उर्फ बरगदहा बाबा (60) घर से करीब एक किलोमीटर दूर खुटहना स्थित बरगद पेड़ की पूजा अर्चना करते थे। उमापुर गांव के बाहर कुटी बनाकर रहते थे। बुधवार को करीब 11 बजे स्कूटी लेकर निकले थे। दोपहर बाद बरगद पेड़ की ओर गए ग्रामीणों ने एक पेड़ से बाबा का शव फंदे से लटकता देखा। पेड़ के पास स्कूटी और चप्पल पड़ी थी।
ग्रामीणों ने मामले की सूचना परिजनों व पुलिस को दी। मृतक का बड़ा बेटा परिवार सहित दिल्ली में नौकरी करता है। दूसरा बेटा पंजाब में है। घर पर पत्नी कमलेश मिश्रा, छोटी बहू पिंकी व छह वर्षीय नाती रहते हैं। मृतक के भतीजे बृजेश मिश्र ने बताया कि रोज की तरह घर से अपनी स्कूटी लेकर निकले थे। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। कोई तहरीर नहीं मिली है।