सरकारी परचे पर पीछे लिखी गई बाहर की दवाएं। संवाद
अमेठी सिटी। सरकारी अस्पतालों में बाहर की दवा लिखने पर प्रतिबंध नहीं लग पा रहा है। अस्पतालों में एक रुपये के परचे पर निशुल्क दवा व जांच आदि की व्यवस्था है, फिर भी ओपीडी हो या इमरजेंसी, सरकारी परचे या छोटी परची पर बाहर की दवाएं लिखी जा रही हैं। जिला अस्पताल में सोमवार को कई मरीज ऐसे मिले, जिन्हें बाहर की दवा लिखी गई थी। मरीजों के अनुसार तीन से चार सौ रुपये की दवा बाहर मेडिकल स्टोर से खरीदनी पड़ी।
जामों से आए तीमारदार ने बताया कि उनकी बेटी पलक को हाथ में चोट लगी है, कई दिनों से दर्द बना हुआ है। आज हड्डी रोग विशेषज्ञ को दिखाया तो उन्होंने अंदर की दो दवाएं और सरकारी परचे के पीछे बाहर की दो दवाएं लिखी हैं। कहा कि बाहर मेडिकल स्टोर से दवा खरीदनी पड़ेगी।
गौरीगंज निवासी तीमारदार ने बताया कि पत्नी सुधा के कान में दर्द रहता है। आज ईएनटी विभाग में दिखाया। चिकित्सक ने सरकारी परचे पर तीन दवाएं और एक छोटी परची पर दो दवाएं बाहर की लिखी हैं। बताया कि बाहर मेडिकल स्टोर पर दवा लेने जा रहा हूं।
बाबूगंज के फिरोज ने बताया कि उनके गले में कई दिनों से समस्या है। चिकित्सक को दिखाया है। बताया कि सरकारी परचे पर चार दवाएं और एक छोटी परची पर तीन दवाएं बाहर की लिखी गई हैं। कहा कि करीब तीन से चार सौ रुपये की दवा बाहर मेडिकल स्टोर से खरीदनी पड़ेगी।
अमेठी निवासी वंदना शर्मा के तीमारदार ने बताया कि महिला चिकित्सक को अभी दिखाया है। सरकारी परचे पर अंदर की तीन दवाएं लिखी हैं। पीछे चार दवाएं लिखी थीं, जिसमें अंदर सिर्फ एक दवा मिली। तीन दवाएं अब बाहर से खरीदनी पड़ेगी। कहा कि मेडिकल स्टोर पर जाने पर ही दवाओं की कीमत का पता चल सकेगी।
जांच कर की जाएगी कार्रवाई
सीएमएस डॉ. बद्री प्रसाद अग्रवाल ने बताया कि जिला अस्पताल में पर्याप्त दवाएं हैं। बाहरी दवाओं के लिखने पर रोक हैं। कहा कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।