अमेठी सिटी। हाईस्कूल और इंटर की यूपी बोर्ड परीक्षा करीब आते ही माध्यमिक विद्यालयों में भौतिक, रसायन और जीव विज्ञान की सैद्धांतिक कक्षाओं के साथ प्रयोगात्मक परीक्षाओं की तैयारी तेज हो गई है। अधिकांश विद्यालय दिसंबर के मध्य से अर्धवार्षिक परीक्षा कराने की तैयारी कर रहे हैं, जबकि प्रयोगात्मक परीक्षा 30 दिसंबर तक पूर्ण कराने का लक्ष्य रखा गया है।
जिले में 37 राजकीय, 25 एडेड और 186 वित्तविहीन इंटर कॉलेज हैं। हाईस्कूल में 25,620 और इंटर में 22,713 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। यूपी बोर्ड परीक्षा मार्च में संभावित है, जिस कारण विद्यालयों में प्रयोगात्मक परीक्षा को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं। शिक्षक बताते हैं कि बोर्ड प्रयोगात्मक परीक्षा की तिथि अचानक घोषित कर सकता है, इसलिए दिसंबर में ही पूरी तैयारी कराना आवश्यक है। जीजीआईसी गौरीगंज की प्रधानाचार्या डॉ. संगीता शर्मा ने कहा कि इंटर की प्रयोगात्मक परीक्षाएं सामान्य रूप से जनवरी के दूसरे सप्ताह से फरवरी के बीच होती हैं। इसी आधार पर विद्यालय में दिसंबर के अंत तक प्रयोगात्मक कार्य पूरा कराने की योजना बनाई गई है।
गौरीगंज के रणंजय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. सुनील कुमार शुक्ल ने बताया कि इस वर्ष प्रयोगात्मक परीक्षा की संभावना जनवरी के तीसरे सप्ताह से फरवरी के बीच जताई जा रही है। वित्तविहीन विद्यालय भी सीमित संसाधन के बावजूद प्रयोगात्मक परीक्षा समय से कराने में जुटे हैं।
डीआईओएस डॉ. राजेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि बोर्ड की ओर से तिथि अभी जारी नहीं हुई है। विद्यालयों को प्रयोगात्मक परीक्षा की तैयारी संग पाठ्यक्रम पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं।