अमेठी सिटी। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शुक्रवार को भेटुआ ब्लॉक के यशोदा देवी इंटर कॉलेज में विवाह कार्यक्रम आयोजित होगा। कार्यक्रम की तैयारियां पूरी करने में जिम्मेदार जुटे हैं। वैवाहिक कार्यक्रम में 200 जोड़े परिणय सूत्र में बंधेंगे।
गरीब परिवार की पुत्रियों का विवाह कराने के लिए 2018 से मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना संचालित है। योजना के तहत शुक्रवार को भेटुआ ब्लॉक के यशोदा देवी इंटर कॉलेज में वैवाहिक कार्यक्रम समाज कल्याण विभाग करेगा। कार्यक्रम में भेटुआ, संग्रामपुर, भादर व अमेठी ब्लॉक क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के 180 हिंदू जोड़े विद्वान पंडितों की ओर से कराए गए समस्त संस्कारों को पूरा करते हुए एक-दूसरे के साथ सात फेरे लेंगे और अल्पसंख्यक वर्ग के 20 जोड़ों को मुस्लिम धर्मगुरु निकाह पढ़ाएंगे।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करने के साथ ही समाज कल्याण विभाग बृहस्पतिवार को तैयारियां पूरी करने में जुटा रहा। समारोह के बाद समाज कल्याण विभाग की ओर से सभी जोड़ों के खाते में 35 हजार रुपये अंतरित करने के साथ ही विवाह का प्रमाणपत्र व 10 हजार रुपये का उपहार दिया जाएगा। जिला समाज कल्याण अधिकारी मनोज कुमार शुक्ल ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। नियमानुसार वैवाहिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।