अमेठी सिटी। लखनऊ-प्रतापगढ़ रेल खंड पर रविवार को ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा। लालकुआं-हावड़ा एक्सप्रेस निरस्त रहने और लखनऊ-प्रयागराज संगम पैसेंजर पांच घंटे की देरी से आने से यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी।
प्रयागराज संगम पैसेंजर प्रतिदिन सुबह 9:13 बजे गौरीगंज पहुंचती है, लेकिन रविवार को यह दोपहर 2:18 बजे पहुंची। इससे यात्रियों को रेलवे स्टेशन पर इंतजार करना पड़ा। संगम स्नान के लिए निकले अवधेश ने बताया कि देर होने के कारण न स्नान का समय बचा और न ही दर्शन का मन रहा। यात्री अरविंद कुमार ने कहा कि ट्रेन लेट होने से प्रयागराज में जरूरी काम नहीं हो सका।
लालकुआं-हावड़ा एक्सप्रेस के निरस्त होने से हावड़ा और बिहार की यात्रा करने वाले यात्रियों को भी निराशा हुई। यात्रियों ने बताया कि ट्रेन रद्द होने की सूचना देर से मिलने के कारण उन्हें असुविधा झेलनी पड़ी। इसके अलावा डाउन काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस भी तीन घंटे की देरी से गौरीगंज पहुंची। स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि तकनीकी कारण से लालकुआं-हावड़ा एक्सप्रेस का संचालन निरस्त रहा। अन्य ट्रेनों की आवाजाही पर भी इसका असर पड़ा। उन्होंने कहा कि यात्रियों को समय-समय पर जानकारी दी जा रही है और संचालन व्यवस्था को सामान्य करने के प्रयास जारी हैं।