अमेठी सिटी। अयोध्या में 22 जनवरी को रामलला अपने मंदिर में विराजमान होंगे लेकिन, यहां पर कारोबार को चार चांद लगेंगे। बाजार में इसको लेकर धूम शुरू हो गई है। सबसे ज्यादा तैयारी मिठाई की दुकानों पर है। दरअसल, प्राण प्रतिष्ठा के दिन लड्डू की मांग अधिक रहेगी। कई दुकानों पर आर्डर भी आने लगे हैं।
गौरीगंज कस्बे में मिठाई की दुकान करने वाले विक्रम सिंह ने बताया कि सवामनी लड्डू के आर्डर आने लगे हैं। यह एक अलग तरह से बड़ा लड्डू होता है। इसे अलग-अलग वैरायटी में तैयार कराया जाएगा। इसके लिए आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं।
अमेठी में मिठाई की दुकान कर रहे राकेश ने बताया कि लड्डू बनाने के लिए कुछ लोगों ने संपर्क किया है। कई अन्य तरह की मिठाइयों को लेकर बाजार में प्रबंध किए जा रहे हैं। मिठाई के दुकानदारों का कहना है कि यह एक हिसाब से छोटी दिवाली है। बेहतर कारोबार के आसार है।
गौरीगंज में 50 रुपये से लेकर 300 रुपये तक रामनामी गमछा, 250 से 700 रुपये तक चित्र, 20 से 50 रुपये तक पटका, 50 से 300 रुपये तक झंडा व 30 से 100 रुपये तक रामनामी दुपट्टा बिक रहा है। बाजार में 1200 रुपये में लाइर्टिंग वाली श्रीराम का चित्र है, जोकि सभी को लुभा रही है।
दीये के भी मिलने लगे आर्डर
- गौरीगंज में सड़क किनारे दीये बेच रहे राम खेलावन का कहना है कि उनका पूरा परिवार इस समय दीये बना रहा है। उसे नेताजी ने तीन हजार दीये बनाने को कहा है। आगे चलने पर रामावती ने बताया कि हमारी तो किस्मत ही जाग गई। पांच हजार दीये के लिए आर्डर मिले हैं। उसे तैयार किया जा रहा है। इलेक्ट्राॅनिक्स की दुकान कर रहे रवि का कहना है कि दीपावली में कुछ झालर नहीं बिक पाई थी, उसे सही करके इसमें बेच दिया जाएगा।