अमेठी सिटी। रात में कई चरणों की बिजली कटौती और दिनभर लगातार ट्रिपिंग से रविवार से सोमवार तक जिलेभर में बिजली व्यवस्था चरमरा गई। मुख्यालय सहित शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में छह घंटे तक बिजली गुल रहने के साथ 24 घंटे में 60 से अधिक बार ट्रिपिंग होने से उपभोक्ताओं को भारी परेशानी उठानी पड़ी। घरेलू कामकाज, पेयजल आपूर्ति, कारोबार व लघु उद्योग भी प्रभावित रहे।
गौरीगंज मुख्यालय के जीजीआईसी, पहाड़पुर, तहसील रोड और विकास भवन फीडरों पर 24 घंटे के दौरान 60 से अधिक बार ट्रिपिंग हुई। हर बार पांच से सात मिनट तक बिजली बाधित रही। पहाड़पुर और रामनगर फीडरों पर रात आठ से 10 बजे, रात 12 से दो बजे तथा सुबह पांच से आठ बजे तक आपूर्ति बंद रही। इसके बाद भी दिनभर लगभग हर घंटे बिजली की आवाजाही जारी रही।
संग्रामपुर और मुसाफिरखाना क्षेत्र में शाम सात से नौ बजे, रात एक से तीन बजे तथा सुबह पांच से नौ बजे तक कटौती की गई। जगदीशपुर, बाजारशुकुल, सेमरौता, सिंहपुर, मोहनगंज, फुरसतगंज और जायस क्षेत्र में भी शाम, देर रात और तड़के कई चरणों में बिजली बाधित रही।
जीजीआईसी रोड निवासी अजय सिंह ने बताया कि रातभर बिजली आने-जाने से परिवार के लोग ठीक से सो नहीं सके। पहाड़पुर की सीमा देवी ने कहा कि सुबह तक बिजली न रहने से पानी की समस्या बनी रही। व्यापारी राजेश गुप्ता ने बताया कि कटौती और ट्रिपिंग से बाजार में कामकाज प्रभावित हुआ।
पीठीपुर उपकेंद्र से जुड़े कई फीडरों पर 33 केवी मेन सप्लाई में बाधा, 11 केवी लाइन टूटने और फीडर ब्रेकडाउन से भी आपूर्ति प्रभावित रही। अमेठी उपकेंद्र के टाउन-एक, टाउन-तीन, कोहरा, रामगढ़ और गंगौली फीडरों पर अलग-अलग समय पर तकनीकी खराबियां आईं।