अमेठी सिटी। आठ से 10 घंटे बिजली गुल रहने से जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीणांचल तक लोगों की परेशानी बढ़ गई है। करीब आठ घंटे की इमरजेंसी रोस्टिंग और दो से तीन घंटे लोकल फॉल्ट व ट्रिपिंग से आपूर्ति बाधित रही। मंगलवार रात से बुधवार सुबह तक अलग-अलग समय पर हुई कटौती से गर्मी और उमस में लोग बेहाल रहे। बिजली न आने से पानी के लिए भी परेशान होना पड़ा।
गौरीगंज वितरण खंड के टिकरिया, थौरी, बहोरखा, पनियार, करपिया, बरनाटीकर, मऊ, मुसाफिरखाना और जामों उपकेंद्र क्षेत्रों में आठ से साढ़े नौ घंटे बिजली गुल रही। तिलोई खंड में मंगलवार रात करीब आठ घंटे आपूर्ति ठप रही।
सेमरौता, जायस और तिलोई उपकेंद्र क्षेत्रों में भी कई बार आपूर्ति बाधित हुई। जगदीशपुर खंड के इन्हौंना, वारिशगंज, दिक्खनवारा, शुकुल बाजार, सित्थन, महोना और जगदीशपुर उपकेंद्र क्षेत्रों में सात से 10 घंटे कटौती रही। बुधवार दिन में भी बिजली की आवाजाही जारी रही। इससे कार्यालयों का ऑनलाइन काम और छोटे कारोबार प्रभावित हुए।
टिकरिया निवासी वसीम ने बताया कि रातभर बिजली न आने से इन्वर्टर बंद हो गया, पंखे-कूलर नहीं चल सके। गुलालपुर निवासी सुमित कुमार ने बताया कि मोबाइल चार्ज न हो सका और जरूरी काम प्रभावित हुए।
बरनाटीकर निवासी स्वाति सिंह ने बताया कि बुधवार सुबह बिजली न आने से सबमर्सिबल पंप नहीं चल सका। बहोरखा निवासी निशा पांडेय ने बताया कि उमस में बच्चों और महिलाओं को रातभर परेशानी हुई। अधीक्षण अभियंता अरुण कुमार सिंह ने बताया कि कंट्रोल रूम से होने वाली इमरजेंसी रोस्टिंग के अलावा स्थानीय स्तर पर कटौती नहीं की जा रही है।