अमेठी सिटी। लगातार दो दिन से हो रही बारिश से जिले की बिजली आपूर्ति चरमरा गई है। तेज हवा और पानी के चलते कई जगह पेड़ बिजली के तारों पर गिर गए, जिससे खंभे टूट गए और बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। लोकल फॉल्ट के कारण सोमवार को दिनभर बिजली आने-जाने का सिलसिला चलता रहा। ऊर्जा निगम कर्मी आपूर्ति बहाल करने के लिए दिनभर मशक्कत करते रहे। बिजली न मिलने से करीब 70 हजार उपभोक्ता परेशान हैं।
वारिसगंज स्थित 33/11 केवी उपकेंद्र के 11 केवी फीडर पर कई स्थानों पर पेड़ गिरने से आपूर्ति ठप हो गई। इसी प्रकार थौरी उपकेंद्र, देवकली, हारीमऊ और जगदीशपुर फीडर से संचालित क्षेत्र में भी रविवार रात से बिजली ठप है। सोमवार को दोपहर बाद कुछ देर बिजली आई, लेकिन शाम तक फिर गुल हो गई। सिंहपुर के सेमरौता उपकेंद्र से जुड़े मंझार और मऊ फीडर की आपूर्ति सोमवार सुबह छह बजे से बंद रही। इन दोनों फीडरों पर करीब 30 हजार उपभोक्ता निर्भर हैं। अवर अभियंता अरविंद कुमार त्रिपाठी ने बताया कि कुकहा रामपुर में खंभा गिरने और अकबरपुर फर्शी में पेड़ गिरने से आपूर्ति ठप है। ऊर्जा निगम की टीम फॉल्ट खोजने में जुटी है।
बाजारशुकुल के पूरे रामदीन गांव में ट्रांसफार्मर का खंभा टूटकर झुक गया है। ग्रामीणों ने तत्काल खंभा बदलने की मांग की। अवर अभियंता सद्दाम हुसैन के अनुसार मरम्मत कार्य शुरू करा दिया गया है। संग्रामपुर के थरिया बडगांव और भौसिंहपुर गांव में भी पेड़ गिरने से दो स्थानों पर खंभे टूट गए।
अमेठी-संग्रामपुर मार्ग पर तारों पर गिरा नीम का पेड़ भी बाधा बना हुआ है। इस क्षेत्र की आपूर्ति पूरी तरह ठप है। अनुमान है कि इन गांवों में करीब 30 हजार उपभोक्ता बिजली न मिलने से परेशान हैं। अवर अभियंता अरविंद त्रिपाठी और सद्दाम हुसैन की अगुवाई में विभाग की टीम फाॅल्ट चिह्नित कर मरम्मत में जुटी है। कई जगह टीम भेजी जा चुकी है।