अमेठी सिटी। जिले में तैनात 500 से अधिक आउटसोर्सिंग कर्मियों की प्रस्तावित 72 घंटे की हड़ताल से बिजली व्यवस्था बेपटरी हो गई है। तीसरे दिन बृहस्पतिवार को कई विद्युत उपकेंद्र व फीडर ब्रेकडाउन या बंद होने से करीब चार लाख से अधिक की आबादी हवा, पानी के लिए परेशान रही। फाॅल्ट ठीक करने में अफसरों और कर्मियों को परेशानी हुई।
ऊर्जा निगम में तैनात आउटसोर्सिंग विद्युत कर्मी प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर विभिन्न मांगों के समर्थन में 72 घंटे का कार्य बहिष्कार कर अधीक्षण अभियंता कार्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। तीसरे दिन भी कर्मियों की हड़ताल जारी रही। ऐसे में फाॅल्ट आने के कारण कर्मियों के अभाव में जिले के विद्युत उपकेंद्र के सभी फीडर बंद रहे। फाॅल्ट के चलते जगदीशपुर स्थित रोड नंबर चार फीडर ब्रेकडाउन रहा।
वहीं, तिलोई उपकेंद्र 33 केवी ब्रेकडाउन तो 200 शैया अस्पताल, उपकेंद्र मोहनगंज का रामपुर, शंकरगंज व नारायणपुर फीडर ब्रेकडाउन रहा। विद्युत उपकेंद्र पनियार का करिया, अमयेमाफी व पनियार फीडर बंद रहा। वारिसगंज और दाखिनवारा 33 केवी उपकेंद्र ब्रेकडाउन रहा। विद्युत उपकेंद्र सेमरौता
का दहिगवां, मऊ व इन्हौना तथा विद्युत उपकेंद्र फुरसतगंज की इंदिरा गांधी उड़ान अकादमी, ओदारी व फुरसतगंज फीडर ब्रेकडाउन रहा।
इसके अलावा विद्युत उपकेंद्र जायस, शुकुलपुर, कोरवा, भेटुवा, पीठीपुर आदि के कई फीडर बंद रहे। विद्युत उपकेंद्र पीपरपुर के दहियांवा गांव में लगा ट्रांसफार्मर मंगलवार को जल गया। ग्रामीणों के अनुसार इस ट्रांसफार्मर से आठ निजी नलकूप संग ढाई हजार की आबादी को आपूर्ति मिल रही थी। अधीक्षण अभियंता रविकांत ने कहा कि जामों और मुसाफिरखाना में रोस्स्टिंग नहीं करने का निर्देश दिया गया है। बताया कि फाॅल्ट सही कराकर आपूर्ति बहाल करने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। आउटसोर्सिंग संगठन के जिला महामंत्री अरुण मिश्र ने कहा कि प्रांतीय नेतृत्व से अगर शासन के अधिकारियों से वार्ता हुई तो नेतृत्व के निर्देश पर बृहस्पतिवार रात 12 बजे से सभी साथी काम पर लौट आएंगे।
संग्रामपुर क्षेत्र के 65 गांवों में फॉल्ट से आपूर्ति ठप
संग्रामपुर (अमेठी)। विद्युत संविदा कर्मियों की 72 घंटे की हड़ताल के चलते बुधवार रात को तेज हवा और बारिश से संग्रामपुर क्षेत्र में कई स्थानों पर विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। शुकुल ठेंगहा पावर हाउस के अंतर्गत 35 गांवों में फॉल्ट के कारण विद्युत आपूर्ति पूरी तरह से ठप है। बड़गांव जिरहा पावर हाउस के अंतर्गत आने वाले 30 गांवों में भी फॉल्ट के चलते बिजली आपूर्ति बंद है। जेई रवि कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह से सभी गांवों में बिजली आपूर्ति सामान्य हो गई है और कहीं कोई फॉल्ट नहीं है।
दो दिन से ठप है बरसंडा गांव की बिजली
कमरौली (अमेठी) महोना उपखंड में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। तकनीकी खराबी के चलते कमरौली क्षेत्र के बरसंडा गांव में बीते मंगलवार रात से बिजली बाधित है। गांव के शराफत अली ने बताया कि उसी रात एक फेस सप्लाई आ रही थी, लेकिन पंखा फ्रिज इन्वर्टर कुछ चल नहीं रहा था। बृहस्पतिवार दोपहर तक बिजली नहीं आई है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से तत्काल समाधान की मांग की है।