जगदीशपुर उपकेंद्र पर बिजली मरम्मत करते ऊर्जा निगम के कर्मी। स्रोत: विभाग
अमेठी सिटी। आंधी और बारिश के पांच दिन बाद भी जिले के 100 से अधिक गांव अंधेरे में डूबे हैं। बिजली आपूर्ति ठप रहने से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। घरों में पंखे, कूलर और अन्य उपकरण बंद पड़े हैं, जबकि मोबाइल चार्जिंग की समस्या से संपर्क व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।
गर्मी और उमस के बीच बिजली संकट ने हालात और मुश्किल बना दिए हैं। पानी की आपूर्ति, बच्चों की पढ़ाई और घरेलू कामकाज प्रभावित हो रहे हैं। बाजारों में भी असर साफ दिख रहा है। दुकानदार जनरेटर के सहारे कारोबार चला रहे हैं।
जगदीशपुर, शुकुलबाजार और सिंहपुर क्षेत्रों के गांवों में स्थिति अधिक गंभीर है। विभागीय टीमें टूटे खंभे, क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर और लाइनों को दुरुस्त करने में जुटी हैं, लेकिन बड़े पैमाने पर नुकसान होने से बहाली में समय लग रहा है। अधिकारी जल्द आपूर्ति सामान्य होने का दावा कर रहे हैं, जबकि ग्रामीणों को राहत अभी दूर नजर आ रही है।