फुरसतगंज। डिघिया फीडर में तकनीकी खराबी आने से शुक्रवार को करीब छह घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही। दोपहर 12 से शाम छह बजे तक आपूर्ति बंद रहने से करीब 15 हजार लोगों को उमस भरी गर्मी में परेशानी का सामना करना पड़ा।
बिजली आपूर्ति ठप होने से घरों में पंखे, कूलर और पानी की मोटर बंद रहीं। कई गांवों में लोगों को पेयजल के लिए इंतजार करना पड़ा। बिजली पर निर्भर दुकानों और छोटे कारोबारियों का कामकाज भी प्रभावित हुआ।
उपभोक्ता बलराम ने बताया कि दोपहर के समय बिजली न रहने से घरों में गर्मी और उमस बढ़ गई। छोटे बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी हुई। रामनरेश ने कहा कि बिजली न रहने से पानी की टंकी नहीं भर सकी, जिससे घरेलू कार्य प्रभावित हुए। सुमन ने बताया कि बिजली कटने से घर में रखा इनवर्टर भी जवाब दे गया। इसके बाद गर्मी से राहत का कोई साधन नहीं बचा।
राघव ने कहा कि मोबाइल चार्ज न होने और बिजली से चलने वाले उपकरण बंद रहने से कई जरूरी काम प्रभावित हुए। अतीक ने बताया कि उनकी दुकान पर बिजली से चलने वाले उपकरण बंद रहे, जिससे ग्राहकों को लौटाना पड़ा। अवर अभियंता राम अचल गुप्ता ने बताया कि डिघिया फीडर में तकनीकी खराबी आने से आपूर्ति बाधित हुई थी। कर्मचारियों ने मरम्मत कार्य कर शाम को बिजली आपूर्ति बहाल कर दी।