गौरीगंज (अमेठी)। भारत निर्वाचन आयोग की ओर से चुनाव की तारीखों का ऐलान होने के साथ ही जिले में भी आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है। आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस समाप्त होने के तत्काल बाद प्रशासनिक अमला शहरों में लगी होर्डिंग्स को हटाने में जुट गया।
निर्वाचन कार्यालय शांतिपूर्ण व निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए नौ टीमें गठित करने के साथ ही सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट भी नामित कर चुका है। जिले के चार विधानसभा क्षेत्रों में पांचवें चरण मेें 27 फरवरी को वोट डाले जाएंगे। चुनाव के दिन 14.26 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
भारत निर्वाचन आयोग की ओर से शनिवार को विधान सभा चुनाव की घोषणा के बाद जिला प्रशासन शंातिपूर्ण व निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने की कवायद में जुट गया है। अमेठी जिले की तिलोई विधानसभा में 1,84,852 पुरुष व 1,66,212 महिला तो 26 अन्य समेत 3,51,090 मतदाता मतदान करेंगे।
जगदीशपुर विधानसभा में 1,98,910 पुरुष व 1,78,274 महिला तो 44 अन्य सहित 3,77,288 अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। गौरीगंज विधानसभा में 1,82,465 पुरुष व 1,67,098 महिला तो 35 अन्य सहित 3,49,598 तथा अमेठी विधान सभा में 1,83,186 पुरुष व 1,65,380 तो 43 अन्य सहित 3,48,609 (पूरे जिले में कुल 14,26,525) मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
चुनाव को शंातिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से पूर्व में ही प्रभारी अधिकारी नामित करने के साथ ही सहायक व्यय प्रेक्षक, वीडियो निगरानी टीम, वीडियो अवलोकन टीम, लेखा टीम, मीडिया प्रमाणन एवं अनुवीक्षण टीम, उड़नदस्ता, स्थायी निगरानी टीम, व्यय अनुवीक्षण टीम का गठन करते हुए अधिकारियों को काम शुरू करने का आदेश भी जारी हो चुका है।
इतना ही नहीं कंट्रोल रूम (05368-244188 व 1950) स्थापित करने के साथ ही सेक्टर मजिस्ट्रेट व जोनल मजिस्ट्रेट नामित कर दिए गए हैं। डीएम राकेश कुमार मिश्र ने बताया कि आदर्श आचार संहिता का जिले में कड़ाई से पालन कराया जाएगा। थानावार टीम गठित कर राजनैतिक दलों व दावेदारों की ओर से लगाई गई होर्डिंग्स व पोस्टर हटवाने का काम शुरू कर दिया गया है।
2017 के चुनावी आंकड़ों पर एक नजर
178-विधानसभा क्षेत्र तिलोई
कुल मतदाता-3,39,196
पड़े मत-1,95,746
प्रत्याशी पार्टी मत
1. मयंकेश्वर शरण सिंह भाजपा 96119
2. मो. सऊद बसपा 52072
3. नोटा 2567
184-विधानसभा क्षेत्र जगदीशुपर
कुल मतदाता-3,07,157
पड़े मत-1,93,020
प्रत्याशी पार्टी मत
1. सुरेश पासी भाजपा 84,219
2. राधेश्याम कनौजिया कांग्रेस 67,619
3. नोटा 3104
185-विधानसभा क्षेत्र गौरीगंज
कुल मतदाता-3,35,341
पड़े मत-2,01,047
प्रत्याशी पाटी मत
1. राकेश प्रताप सिंह सपा 77,915
2. मो. नईम कांग्रेस 51,496
3. नोटा 1155
186-विधानसभा क्षेत्र अमेठी
कुल मतदाता-3,33,944
पड़े मत-1,87,716
प्रत्याशी पार्टी मत
1. गरिमा सिंह भाजपा 64,226
2. गायत्री प्रसाद प्रजापति सपा 59,161
3. नोटा 694
48 : गौरीगंज : विधानसभा चुनाव की आदर्श आचार संहिता प्रभावी होते ही जिले के अलग-अलग क्षेत्र में होर्ड?- फोटो : AMETHI