अमेठी। जिले के चारों निकायों में सभी पार्टियां एक-दूसरे की सूची का इंतजार कर रही हैं। ऐसे में पार्टी टिकट पाने के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की गणेश परिक्रमा करने को मजबूर हैं।मौसम की तरह धीरे-धीरे निकाय चुनाव का पारा भी गर्म होता जा रहा है।
जिले में दो नगर पालिका जायस और गौरीगंज तथा दो नगर पंचायत अमेठी और मुसाफिरखाना है। जिले के चारों निकायों में विभिन्न दलों से अध्यक्ष एवं सभासद के पद पर चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार टिकट पाने की जुगत में लगे हैं। उन्होंने पार्टी के पास आवेदन भी कर रखा है। बावजूद इसके अभी तक भाजपा, कांग्रेस, सपा और बसपा ने अपना पत्ता नहीं खोला है।
सभी निकायों के दावेदारों ने संबंधित चारों पार्टियों को अपने आवेदन दे दिया है। दावेदार आवेदन देने के बाद जहां पार्टी पदाधिकारियों एवं नेताओं की गणेश परिक्रमा कर रहे हैं, वहीं टिकट पाने की उम्मीद में लगातार मतदाताओं से मेलजोल बनाए हुए हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गेश त्रिपाठी ने कहा कि प्रदेश नेतृत्व को सभी आवेदन भेजे गए हैं। नामांकन के पूर्व घोषित उम्मीदवारों की सूची जारी हो जाएगी। कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रदीप सिंघल ने नगर निकायों में प्रत्याशियों की घोषणा व सूची जारी करने को लेकर बताया कि अभी आवेदन लिए जा रहे हैं और मंथन चल रहा है। दो दिन में सूची जारी हो जाएगी। सपा जिला अध्यक्ष राम उदित यादव ने बताया कि चारों निकायों से आवेदन लिए गए हैं।
प्रदेश नेतृत्व को उम्मीदवारों के आवेदन भेजे गए हैं। जल्द ही सूची जारी होगी। बसपा जिलाध्यक्ष दिलीप कुमार ने बताया कि जिले के चारों निकायों से आवेदन आ गए हैं। अभी लोग आवेदन कर रहे हैं। कहा कि दो दिन में अध्यक्ष व सभासद के प्रत्याशियों की सूची जारी हो जाएगी।
आम आदमी पार्टी ने भी अभी तक अमेठी में पार्टी जिलाध्यक्ष हरिशंकर जायसवाल की पत्नी रीना जायसवाल के नाम की ही घोषणा की है। अन्य सभी निकायों में अध्यक्ष व सभासद के लिए आवेदन करने वाले लोगों के नाम पर विचार चल रहा है।