अमेठी। भाजपा बूथ अध्यक्ष के हत्या की गुत्थी सुलझाने में पांच दिन बाद भी पुलिस नाकाम साबित हो रही है। प्रत्यक्षदर्शी न होने से इलेक्ट्रानिक साक्ष्यों के आधार पर खुलासे में लगी दो टीमों के हत्थे एक भी आरोपी नहीं चढ़ सका है। नामजद केस दर्ज होने के बाद गिरफ्तारी नहीं होने से पीड़ित परिजनों में आक्रोश बढ़ रहा है। हालांकि पुलिस जल्द मामले का खुलासा करने का दावा कर रही है।संग्रामपुर थानाक्षेत्र के धौराहरा गांव निवासी भाजपा बूथ अध्यक्ष दिनेश सिंह की मंगलवार को रास्ते में बाइक सवार हमलावरों ने लाठी-डंडों व धारदार हथियार से पिटाई की, जिसमें उनकी मौत हो गई। घटना के बाद अंतिम संस्कार नहीं करने की जिद अड़े परिजनों को जल्द खुलासा करने का भरोसा दिलाने वाली पुलिस अब तक नाकाम साबित हो रही है।
घटनास्थल पर कोई प्रत्यक्षदर्शी नहीं होने से पुलिस के सामने घटना का अनावरण करना चुनौती बना है। पुलिस नामजद आरोपियों की लोकेशन समेत अन्य कुंडली भी खंगालने में जुटी है। नामजद तहरीर देने के बावजूद अब तक गिरफ्तारी नहीं होने से परिजनों में आक्रोश भी बढ़ रहा है। पुलिस की ओर से की जा रही कार्रवाई से असंतुष्ट परिजन अब जनप्रतिनिधियों व उच्चाधिकारियों से न्याय की गुहार लगाने की तैयारी में है। गांव में पांचवें दिन भी पुलिस फोर्स तैनात रही। गांव में मातम पसरा हुआ है।
सीओ अमेठी लल्लन सिंह ने बताया कि पूरे मामले की जांच व खुलासे के लिए दो टीम दिन रात काम कर रही है। संदिग्धों की से पूछताछ के साथ सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच अंतिम दौर में है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामला का अनावरण किया जाएगा।