अमेठी सिटी। उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस व समकक्ष पदों की सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा 14 व 15 मार्च को जिले के 10 केंद्रों पर होगी। परीक्षा दोनों दिन दो-दो पालियों में संपन्न होगी। जिले में 3,360 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा के शांतिपूर्ण और निष्पक्ष संचालन के लिए पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड और जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे। प्रशासनिक अधिकारियों को परीक्षा शुरू होने से पहले केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की जांच करने का निर्देश दिया गया है। अधिकारियों को केंद्रों पर अनुशासन बनाए रखने और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी रोकने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले बायोमीट्रिक सत्यापन और तलाशी करानी होगी। सभी कक्षों में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी। नियंत्रण कक्ष से भी परीक्षा केंद्रों की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र और वैध फोटो पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य रहेगा। प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी है।