जगदीशपुर (अमेठी)। 80 के दशक में स्थापित त्रिसुंडी औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए लंबे समय से की जा रही पुलिस चौकी स्थापना की मांग अब पूरी होने जा रही है। उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण से 27.65 लाख रुपये की लागत से चौकी निर्माण के प्रस्ताव को स्वीकृति मिल गई है।
त्रिसुंडी क्षेत्र के उद्यमी लंबे समय से औद्योगिक परिसर में सुरक्षा व्यवस्था के अभाव को लेकर चिंतित थे। वर्षों से यह मांग प्रक्रियाधीन बताकर टाली जाती रही, लेकिन हाल ही में प्रदेश स्तरीय इन्वेस्टर्स समिट के बाद इस क्षेत्र में कई नई औद्योगिक इकाइयों की स्थापना हुई, जिससे सुरक्षा की आवश्यकता और भी अहम हो गई। इस बढ़ती चिंता को देखते हुए उद्यमियों ने जिला उद्योग बंधु समिति की कार्ययोजना में पुलिस चौकी की मांग शामिल करवाई।
तत्कालीन जिलाधिकारी निशा अनंत ने मामले की गंभीरता को समझते हुए उपायुक्त उद्योग, यूपीसीडा के निर्माण व सिविल खंडों के प्रबंधकों और अपर पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में समिति का गठन किया। समिति को क्रमशः 19 नवंबर, 12 दिसंबर 2024 और 28 फरवरी 2025 को आयोजित बैठकों के माध्यम से प्रस्ताव तैयार कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया। भले ही अब डीएम निशा अनंत की जिले में तैनाती नहीं है, लेकिन उनकी पहल से इस दिशा में ठोस प्रगति हुई और अब यूपीसीडा ने सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए 27.65 लाख रुपये के बजट को स्वीकृति दे दी है। इस फैसले से उद्यमियों में उत्साह का माहौल है।
जल्द शुरू होगा पुलिस चौकी का निर्माण कार्य
त्रिसुंडी में व्यापारियों की मांग पर एक अस्थायी पुलिस चौकी बनाई गई है। टिनशेड के माध्यम से बनाई गई यह चौकी फिलहाल बदहाल है। इसमें आमतौर पर पुलिस कर्मियों की तैनाती नहीं रहती है। यूपीसीडा निर्माण खंड-छह के वरिष्ठ प्रबंधक प्रदीप कुमार ने बताया कि पुलिस चौकी स्थापना के लिए ई-टेंडरिंग प्रक्रिया चल रही है। शीघ्र ही कार्यदायी संस्था का चयन कर निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।