जामो (अमेठी)। जमीन बंटवारे को लेकर हुए विवाद की सूचना पर पहुंचे पुलिस कर्मियों को रविवार को एक पक्ष ने बंधक बना लिया।
इसकी जानकारी मिलने पर पहुंचे अतिरिक्त पुलिस कर्मियों ने साथियों को मुक्त कराने के बाद एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। हालांकि प्रभारी निरीक्षक ने पुलिस कर्मियों के बंधक बनाए जाने से इनकार किया है।
क्षेत्र के गौरा गांव निवासी जलालुद्दीन उर्फ लल्लन व सुल्तान हैदर उर्फ गुड्डू के बीच जमीन बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है। रविवार सुबह लल्लन विवादित जमीन की जोताई कराई। सूचना मिलने पर गुड्डू शिकायत लेकर लल्लन के घर गया तो दोनों पक्षों में विवाद हो गया।
इस पर लल्लन ने गुड्डू को अपने घर में बंद कर लिया। गुड्डू की बहन कलमा बानो ने 112 पीआरबी पुलिस को सूचना दी। पीआरबी पुलिस मौके पर पहुंची तो लल्लन व उसके परिवारीजन पुलिस से अभद्रता पर पर उतर आए।
112 पुलिस ने इसकी सूचना थाने को दी। सूचना मिलने पर दरोगा बृजभूषण पाठक व सिपाही संग्राम सिंह, मनोज और अतुल मौके पर पहुंचे तो लल्लन पक्ष के लोगों ने उन्हें भी घर में बंधक बना लिया। दरोगा ने प्रभारी निरीक्षक अंगद सिंह को सूचना दी।
इसके बाद प्रभारी निरीक्षक फोस के साथ गांव पहुंचे और सभी को बाहर निकाला। पुलिस ने मौके से एक युवक पकड़ा है। हालांकि प्रभारी निरीक्षक अंगद सिंह ने पुलिस कर्मियों को घर में बंद किए जाने से इनकार किया हैं। दूसरी तरफ पुलिस ने गुड्डू की बहन की तहरीर पर जलालुद्दीन उर्फ लल्लन, निजामुददीन, गुलनाज व गुना तथा धम्मौर निवासी असलम के खिलाफ केस दर्ज किया है।