गौरीगंज (अमेठी)। पंचायत चुनाव को शांति पूर्ण ढंग से संपन्न कराने को लेकर जिले की पुलिस ऐक्शन मोड में है। एसपी जहां स्वयं क्षेत्र के अति संवेदनशील व संवेदनशील गांवों में चौपाल लगा रहे हैं वहीं मतदान प्रभावित करने वालों तथा अवैध शस्त्र व शराब कारोबारियों को सूचीबद्ध किया जा रहा है।
पंचायत चुनाव की आहट शुरू होते ही एसपी दिनेश सिंह ने कमान संभाल ली है। एसपी ने जिले के सभी सीओ व थाना प्रभारियों को आदेश जारी कर मतदान प्रभावित करने वाले अराजकतत्वों, अवैध शस्त्र व शराब कारोबारियों पर कार्रवाई का निर्देश दिया है।
एसपी ने बताया कि पुलिस टीम को संवेदनशील व अति संवेदनशील मतदान केंद्र वाले गांवों में मतदान प्रभावित करने वाले लोगों को गुण-दोष के आधार पर सूचीबद्ध कर पाबंद करने, सभी लाइसेंसधारियों की सूची बनाने आदि का निर्देश दिया गया है।
कहा कि गुंडा, गैंगेस्टर व अन्य अपराधों में वांछितों की शत-प्रतिशत गिरफ्तारी करने का निर्देश दिया गया है। जिले में अवैध तरीके से शस्त्र व शराब का व्यवसाय करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया गया है।
पूर्व के चुनाव में जहां मतदान को लेकर विवाद हुए थे वहां विशेष रूप से सतर्कता बरतने को कहा गया है। ऐसे गांवों में चौपाल लगाकर ग्रामीणों से उनकी समस्या जानते हुए निर्भीक होकर मतदान का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। कहा कि किसी भी हाल में मतदान को प्रभावित करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।