गौरीगंज (अमेठी)। कोरोना के बढ़े खतरे के बावजूद नियमों का पालन न करने वालों के खिलाफ हर क्षेत्र में पुलिस कार्रवाई करने में जुटी है।
कोविड की दूसरी लहर का प्रकोप जिले में भी दिखने लगा है। जिले में संक्रमित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। बावजूद इसके लोग बेपरवाह होकर खुलेआम नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं।
कोविड नियमों का पालन कराने के लिए एसपी दिनेश सिंह ने सभी थाना प्रभारियों को अभियान चलाकर कार्रवाई का निर्देश दिया है। इसके बाद सख्त हुई पुलिस बिना मास्क सड़क पर निकलने वालों के साथ बिना काम के भीड़ लगाने वालों पर भी कार्रवाई कर रही है।
शुक्रवार को जिले में नियमों का उल्लंघन करने वाले 664 लोगों का चालान करते हुए 66 हजार 400 रुपये जुर्माना वसूला गया। एएसपी वीके पांडेय ने कहा कि कोविड का पालन कराने के लिए पूरे जिले में अभियान चलाया जा रहा है। पंचायत चुनाव को लेकर ग्रामीण इलाकों में आयोजित गोष्ठी के जरिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है।