गौरीगंज (अमेठी)। जिले में कोरोना की दूसरी लहर में बेकाबू हो रही है। शुक्रवार देर शाम आई जांच रिपोर्ट में एक स्वास्थ्य कर्मी समेत 15 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं।
जांच रिपोर्ट में तिलोई ब्लॉक के ओदारी निवासी बुजुर्ग महिला, एफडीडीआई व शाहगढ़ ब्लॉक के पूरे खुशिहाल गांव निवासी एक-एक महिला पहले से संक्रमित के संपर्क में आने से कोरोना पॉजिटिव हुए हैं।
इसके अलावा जगदीशपुर कस्बा निवासी एक युवक, तिलोई के पटखन का पुरवा निवासी युवक, चेतरा बुजुर्ग निवासी महिला व अलग-अलग गांव की दो बुजुर्ग महिला, गौरीगंज सीएचसी में कार्यरत स्वास्थ्य कर्मी, टिकरिया निवासी युवक तथा एक बुजुर्ग, अमेठी के महमूदपुर गांव निवासी अधेड़, बहादुरपुर के मोलवी खुर्द गांव निवासी युवक तथा संग्रामपुर के कालिकन निवासी एक किशोर व भवसिंहपुर निवासी अधेड़ पॉजिटिव बताए गए हैं।
सीएमओ डॉ. आशुतोष कुमार दुबे ने बताया पॉजिटिव मिले तीन बुजुर्गों को लेबल-टू अस्पताल में भर्ती कराया गया। अन्य को घर में आइसोलेट किया गया। जिले में एक्टिव केस 77 हो गए हैं। दूसरी तरफ डीएम अरुण कुमार ने बुधवार को सीएमओ कार्यालय में स्थापित एकीकृत कोविड एंड कंट्रोल सेंटर में बैठक कर सैंपलिंग कराने के साथ सर्विलांस टीम सक्रिय करने के निर्देश दिए।