मुसाफिरखाना स्थित दुवरिया-चंदीपुर संपर्क मार्ग। -संवाद
अमेठी सिटी। जर्जर सड़क पर आवागमन का दंश झेल रहे ग्रामीणों की परेशानी जल्द दूर होगी। 70 लाख रुपये से दुवरिया-चंदीपुर संपर्क मार्ग की मरम्मत के प्रस्ताव को शासन की मंजूरी मिल गई है।
मुसाफिरखाना इलाके के दुवरिया से बढ़ई का पुरवा होते हुए चंदीका पुरवा जाने वाली सड़क भारी वाहनों के आवागमन व जलभराव से क्षतिग्रस्त हो गई थी। मार्ग से प्रतिदिन करीब 50 हजार राहगीर आवागमन करते हैं। मरम्मत के अभाव में सड़क इन दिनों जर्जर हो गई है। इससे आए दिन लोग गिरकर चोटिल होते रहते हैं।
लोक निर्माण विभाग ने सर्वे करवाते हुए मार्ग के नवनिर्माण के लिए 70 लाख रुपये का अनुमानित आगणन तैयार कर प्रस्ताव शासन को भेजा था। शासन ने प्रस्ताव मंजूर करने के साथ आगणन राशि को वित्तीय व प्रशासनिक स्वीकृति देते हुए जारी कर दिया है। सड़क का नवीनीकरण होने से लोगों को आवागमन की सुविधा मिलेगी।
दो माह में पूरा होगा प्रस्तावित कार्य
अधिशासी अभियंता लोक निर्माण प्रांतीय खंड शैलेंद्र कुमार ने बताया कि ठेकेदार के चयन की प्रक्रिया गतिमान है। ठेकेदार का चयन होने के बाद अवर अभियंता की निगरानी में निर्धारित समय सीमा दो माह में मानक के अनुसार निर्माण कार्य पूरा करवाते हुए लोगों को आवागमन में सुविधा दी जाएगी।