अमेठी। लॉकडाउन अवधि में अनावश्यक समूह बनाकर टहलना आठ लोगों को भारी पड़ा। क्षेत्र भ्रमण पर निकली अमेठी पुलिस ने दौड़ाकर सभी को पकड़ते हुए केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने जमानत पर सभी को रिहा करते हुए घर से बाहर नहीं निकलने की चेतावनी दी है।
कोरोना वायरस संक्रमण रोकने के लिए घोषित लॉकडाउन के दौरान अनावश्यक समूह में टहलना सोमवार देर शाम आठ लोगों को भारी पड़ा। लॉकडाउन के दौरान क्षेत्र भ्रमण पर निकली पुलिस ने गांधी चौक के पास भीड़ देखा। पुलिस कर्मियों ने भीड़ को दौड़ाया और आठ को पकड़ लिया।
पकड़े गए लोगों की पहचान धम्मौर थाने के करमचंदपुर गांव निवासी मैकूलाल, जाकिर, इरशाद व मोहन सरैया निवासी जय बहादुर अमेठी थाने के शहरी गांव निवासी मकबूल, चांदा थाने के सेमरी कला निवासी अशोक कुमार व अंकित तथा कुड़वार थाने के धरावा गांव निवासी विकास रावत के रूप में हुई।
पकड़े गए सभी आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। केस दर्ज करने के बाद पुलिस ने सभी को दोबारा अनावश्यक घर से बाहर निकलने की चेतावनी देते हुए परिवारीजनों के सुपर्द कर दिया।
सीओ पीयूष कांत राय ने बताया कि लॉकडाउन नियमों का कड़ाई से पालन कराया जा रहा है। लॉकडाउन नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। सीओ ने बताया कि अब तक अकेले अमेठी थाने में 66 लोगों को लॉकडाउन उल्लंघन में गिरफ्तार कर उनके खिलाफ केस दर्ज किया जा चुका है।