अमेठी सिटी। जिले के 19 पीएम श्री स्कूलों की मरम्मत के लिए शासन ने 23.34 लाख रुपये की मंजूरी दी है। प्रत्येक विद्यालय को 1.22 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इस राशि से भवनों की मरम्मत, प्रसाधन निर्माण, लाइब्रेरी और प्रयोगशालाओं को सुदृढ़ किया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों को स्वच्छ, सुरक्षित और आधुनिक शिक्षण वातावरण मिल सके।
पीएम श्री स्कूल योजना के अंतर्गत इन विद्यालयों को नई शिक्षा नीति के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। उद्देश्य है कि विद्यार्थी न केवल तकनीकी रूप से सक्षम बनें, बल्कि मानसिक और शारीरिक रूप से भी सशक्त हों। शासन द्वारा विद्यालयों की सुंदरता बढ़ाने के साथ ही शिक्षण कार्य को बेहतर वातावरण में संचालित कराने के लिए आवश्यक संसाधन भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
जिला समन्वयक निर्माण आकाश श्रीवास्तव ने बताया कि मरम्मत के साथ रंगाई-पुताई, विद्युत व्यवस्था और प्रसाधन कक्षों की दशा सुधारने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही प्रयोगशालाओं में आधुनिक उपकरण स्थापित किए जाएंगे, जिससे विद्यार्थी व्यावहारिक शिक्षा से जुड़ सकें। विद्यार्थियों की जागरूकता बढ़ाने के लिए विद्यालयों में अखबार और पत्रिकाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
बच्चों को मिलेगा बेहतर वातावरण
बीएसए संजय कुमार तिवारी ने कहा कि पीएम श्री स्कूल योजना से विद्यालयों की सूरत बदलेगी। स्वच्छ, सुरक्षित और तकनीकी रूप से उन्नत माहौल मिलने से विद्यार्थियों का समग्र विकास होगा। सरकार का उद्देश्य शिक्षा को गुणवत्ता और तकनीक से जोड़ना है, ताकि बच्चे भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार हो सकें।