गौरीगंज (अमेठी)। शासन की ओर से वित्तीय वर्ष 2019-20 में 6,322 प्रधानमंत्री आवास का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। लक्ष्य निर्माण के बाद लाभार्थियों का चयन कर निर्माण कार्य समय सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया गया था। पीडी की ओर से की गई निर्माण प्रगति समीक्षा में पांच ब्लॉक फिसड्डी निकले हैं। पीडी ने संबंधित बीडीओ को पत्र जारी कर लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति लाने का निर्देश दिया है।
वित्तीय वर्ष 2019-20 में शासन की ओर से जिले को प्रधानमंत्री आवास योजना में 6,322 आवास का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। लक्ष्य निर्धारण के बाद ब्लॉकवार लक्ष्य का विभाजन कर नियमानुसार लाभार्थियों का चयन किया गया।
नियत समय पर निर्माण कार्य पूरा करने के लिए उच्चाधिकारियों की ओर से समय-समय पर प्रगति समीक्षा कर दिशा निर्देश दिए जाने के बावजूद कई ब्लॉक योजना के प्रति लापरवाही बरत रहे हैं। पीडी आशुतोष दुबे ने पिछले दिनों आवास निर्माण प्रगति की ऑनलाइन समीक्षा की।
समीक्षा के दौरान संग्रामपुर, शुकुल बाजार, मुसाफिरखाना, जगदीशपुर तथा अमेठी ब्लॉक की प्रगति खराब पाई गई। नाराज पीडी ने संबंधित ब्लॉकों के खंड विकास अधिकारियों को पत्र जारी कर लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति लाने का निर्देश दिया है।
पत्र में प्रगति नहीं होने पर संबंधित के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजने की चेतावनी दी गई है। पीडी का पत्र सार्वजनिक होने के बाद ब्लॉक कर्मियों में हड़कंप मचा है।