अमेठी सिटी। अगस्त क्रांति दिवस पर शनिवार को गौरीगंज स्थित केंद्रीय कांग्रेस कार्यालय परिसर में कार्यक्रम हुआ। इस दौरान पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने संविधान की रक्षा करने का संकल्प लिया।
जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंघल ने कहा कि देश के इतिहास में नौ अगस्त के दिन को अगस्त क्रांति दिवस के रूप में जाना जाता है। द्वितीय विश्व युद्ध में समर्थन लेने के बाद भी जब अंग्रेज भारत को स्वतंत्र करने को तैयार नहीं हुए तो राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने भारत छोड़ो आंदोलन के रूप में आजादी की अंतिम जंग का एलान कर दिया।
उन्होंने कहा कि हम सभी को मिलकर संविधान की रक्षा करनी होगी। कहा कि सत्ता का दुरुपयोग कर गलत मतदाता सूची का इस्तेमाल किया जा रहा है, इसके खिलाफ हम सब एक होकर आंदोलन करेंगे। इस आंदोलन व क्रांति की शुरुआत राहुल गांधी के साथ करेंगे। कार्यक्रम के दौरान आजादी के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले अमर बलिदानियों को नमन किया गया।
इस मौके पर अरविंद चतुर्वेदी, अनिल सिंह, शत्रुघ्न सिंह, सर्वेश सिंह, राम बरन कश्यप, सुनील सिंह, फिरोज आलम, मतीन अहमद, धर्मेंद्र तिवारी, सबीना, राम मनोहर पासी, सोनू सिंह, जगन्नाथ यादव, महावीर कोरी, गीता सिंह, श्रद्धा सिंह आदि मौजूद रहे।