अमेठी सिटी। विश्व पर्यावरण दिवस बुधवार को जिले के स्कूल, कॉलेज व ग्राम पंचायतों में पौधरोपण के साथ पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई। गोष्ठी के जरिए मानव जीवन में पर्यावरण संरक्षण के पौधों की आवश्यकता पर चर्चा की गई। साथ ही अधिक से अधिक पौध रोपित कर संरक्षित करने की बात कही गई। गौरीगंज के राजगढ़ स्थित वृद्धाश्रम पर वन कर्मियों व नेशनल एजुकेशन डेवलपमेंट फाउंडेशन ट्रस्ट के तत्वावधान में वृद्धाश्रम में हरित वाटिका तैयार करने के लिए विभिन्न प्रजातियों के फलदार व छायादार के साथ औषधि गुण वाले पौधे रोपित किया।
क्षेत्रीय वनाधिकारी एसके शर्मा व संस्था अध्यक्ष अंकित मिश्र एवं वृद्धाश्रम संचालिका वाहिदा खान ने मौजूद बुजुर्गों के साथ अन्य लोगों को पौध रोपित करने के साथ पेड़ों के महत्व से अवगत कराया। इस मौके पर अंजली मिश्रा, सुधांशू, सुयश, राजेश्वरी एवं वृद्धाश्रम के बुजुर्ग मौजूद रहे।
तिलोई रेंज के उप क्षेत्रीय वन अधिकारी सचिन कुमार की मौजूदगी में भिलाई गांव में गोष्ठी आयोजित हुई। गोष्ठी में ग्रामीणों को पौधों की उपयोगिता के बारे में बताते हुए अधिक से अधिक पौध रोपित कर धरा को हरा-भरा बनाते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इसके अतिरिक्त बीएसए संजय कुमार तिवारी, डीआईओएस रीता सिंह व एआरटीओ सर्वेश सिंह ने भी कार्यालय परिसर में कर्मियों संग पौध रोपित करने के बाद गोष्ठी आयोजित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए रोपित पौधों की सुरक्षा करने की शपथ दिलाई।
बिना वृक्ष के जीवन मुश्किल
भादर (अमेठी)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बुधवार को सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर के परिसर में खाली पड़े स्थानों पर जवानों कार्मिकों व अधिकारियों ने पौध रोपित किया। डीआईजी जीसी राजेंद्र प्रसाद पांडेय की अगुवाई में जवानों ने पीपल,बरगद,नीम सहित विभिन्न किस्म के 500 पौध रोपित कर संरक्षण करने की शपथ ली। इस मौके पर कमांडेंट अमित कुमार सिंह,उप कमांडेंट रविकुमार सहित केंद्र के 200 जवानों कार्मिकों ने हिस्सा लिया।