संग्रामपुर के भौसिंहपुर में पौधरोपण करते ग्राम प्रधान व वनकर्मी। स्रोत- संवाद
संग्रामपुर (अमेठी)। वन महोत्सव सप्ताह के अवसर पर रविवार को भौसिंहपुर गांव में पौधरोपण अभियान शुरू हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत ग्राम प्रधान अशोक कुमार उर्फ रज्जू उपाध्याय और वन क्षेत्राधिकारी मोहम्मद इब्राहिम ने पीपल, पाकड़ और बरगद के पौधे लगाकर की।
वन विभाग की योजना के तहत इस गांव में कुल 12 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। ग्राम प्रधान रज्जू उपाध्याय ने बताया कि यह कार्य लगभग 20 बीघा भूमि पर किया जा रहा है, जहां सघन पौधरोपण की योजना तीन साल पहले शुरू की गई थी। अब तक यहां करीब छह हजार पौधे तैयार हो चुके हैं। ग्राम प्रधान ने बताया कि मनरेगा मजदूरों और स्वयं की देखरेख में पौधों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है। देववृक्षों के अलावा फलदार पौधे भी लगाए जा रहे हैं, जिनमें आम, महुआ, कटहल, नींबू, करौंदा और जामुन शामिल हैं।
वन क्षेत्राधिकारी मोहम्मद इब्राहिम ने कहा कि वृक्षों के बिना जीवन की कल्पना अधूरी है। प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल करनी चाहिए। वन रक्षक रणवीर सिंह ने ग्रामीणों से अपील की कि पौधे लगाने के बाद उनकी नियमित देखभाल भी करें। इस अवसर पर उप क्षेत्रीय वनाधिकारी वृषकेतु श्रीवास्तव, वन दरोगा सुरेंद्र प्रताप, ग्राम प्रधान संग्रामपुर रिंकू सिंह, वनरक्षक मोहम्मद सफीक, राजकुमार, तेज बहादुर, संतोष तिवारी आदि मौजूद रहे।