गौरीगंज (अमेठी)। प्रभारी मंत्री व अपर मुख्य सचिव उच्च शिक्षा ने रविवार को पौधरोपण कर जिले में वृहद पौधरोपण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मंत्री ने डीएफओ कार्यालय पर स्थापित कंट्रोल रूम का निरीक्षण भी किया। उन्होंने अफसरों को रोपित पौधों की सुरक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट वृहद पौधरोपण का शुभारंभ रविवार को जिले में प्रभारी मंत्री मोहसिन रजा व नोडल अधिकारी/अपर मुख्य सचिव उच्च शिक्षा मोनिका एस गर्ग ने किया। रविवार सुबह जिला मुख्यालय पहुंचे मोहसिन रजा ने विकास भवन परिसर में पौधरोपण किया। इस दौरान मंत्री ने डीएफओ कार्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम का शुभारंभ भी किया।
नोडल अफसर ने जगदीशपुर के मरौचा तेतारपुर व मंगरौरा स्थित लखनऊ-सुल्तानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पौधरोपण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान मरौचा तेतारपुर स्थित तालाब किनारे एक हजार तो मंगरौरा स्थित लखनऊ-सुल्तानपुर मार्ग पर 37,896 पौधे रोपित किए गए। अभियान के दौरान 37 लाख चार हजार पौधे जिले के विभिन्न विभागों, जनप्रतिनिधियों व जनसहभागियों के माध्यम से रोपित किए जाएंगे।
अपर मुख्य सचिव ने विभिन्न स्थानों पर हो रहे पौधरोपण कार्यक्रम का निरीक्षण करते हुए अफसरों को आवश्यक निर्देश भी दिया। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि अपने घर के आसपास सहजन व औषधीय महत्व के पौधे लगाएं। इस दौरान डीएम अरुण कुमार, सीडीओ प्रभुनाथ समेत संबंधित अफसर मौजूद रहे।