बाजारशुकुल (अमेठी)। बिहार के पटना से राजस्थान के जयपुर जा रही पिकअप शनिवार की भोर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में वाहन पर सवार एक श्रमिक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही हादसे के शिकार हुए लोगों के परिजनों को भी मामले से अवगत करा दिया गया है।
राजस्थान के जयपुर के चंदवाजी थाना क्षेत्र के रुनडल मानपुरा गांव निवासी मोतीलाल शर्मा पिकअप से अपने गांव के ही शंकरलाल, भंवरलाल, लोकेश व मालीराम के साथ बिहार के पटना से घर जा रहे थे। जब यह लोग शनिवार की सुबह जिले के बाजारशुकुल थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर 57.3 पासिन पुरवा मजरे हुसैनपुर के पास पहुंचे, तभी इनका वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में पिकअप पर सवार सभी पांच लोग घायल हो गए। इसके बाद लोगाें ने जानकारी होने पर पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंच कर स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सीएचसी बाजारशुकुल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मालीराम (45) को मृत घोषित कर दिया, जबकि हालत गंभीर देखकर लोकेश को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। तीन अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। एसओ दयाशंकर मिश्र ने बताया कि वाहन को कब्जे में ले लिया गया है। मृतक व घायलों के परिजनों को सूचना दी गई है। परिजनों के आने के बाद यदि कोई तहरीर मिलती है तो केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
एक माह पूर्व सड़क पट्टी का काम करने बिहार गए थे मालीराम व साथी
हादसे का शिकार हुए मालीराम व उनके साथी राजस्थान से करीब एक माह पूर्व बिहार के पटना गए थे। मृतक मालीराम के भाई कान्हाराम ने बताया कि यह लोग सड़क की पट्टी बनाने का काम करते थे। बताया कि करीब एक माह पूर्व सभी लोग गए थे। वहां से काम करने के बाद वापस आ रहे थे। बताया कि उन लोगों को हादसे के बाद फोन से सूचना मिली है। हादसे की खबर पाकर सभी के परिवार के लोग पहुंच रहे हैं।
बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
मृतक के भाई कान्हाराम ने बताया कि मालीराम के घर में पत्नी संजना देवी, बेटा विक्रम (18) व लालाराम (14) और एक पुत्री अमीता (16) हैं। इस पूरे परिवार का मेहनत मजदूरी कर मालीराम पेट पालते थे। उनकी मौत के बाद परिवार का एकमात्र सहारा छिन गया। बच्चों के सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया। पूरा परिवार गम में डूबा है। अभी हादसे की खबर पाकर भाई व अन्य परिजन पहुंचे हैं।