अस्पताल में भर्ती दुर्घटना में घायल लोग
अमेठी सिटी। गौरीगंज थाने के सैठा बाजार के पास बुधवार को श्रद्धालुओं से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। पिकअप की चपेट में आने से सड़क किनारे काम कर रहे मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई जबकि आठ श्रद्धालु घायल हो गए। घायलों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
बुधवार को पिकअप पर सवार 13 श्रद्धालु प्रतापगढ़ जिले के मानिकपुर धाम से गंगा स्नान कर वापस घर लौट रहे थे। अपराह्न साढ़े तीन बजे पिकअप गौरीगंज थाने के सैंठा बाजार के पास पहुंची थी। तभी बेकाबू होकर सड़क के किनारे पलट गई। हादसे में सड़क किनारे जल जीवन मिशन के तहत काम कर रहे रायबरेली जिले के नसीराबाद थाना क्षेत्र के संडहा परैया गांव के श्रमिक रामू सरोज (30) की मौके पर मौत हो गई।
वहीं, पिकअप सवार भाले सुल्तान शहीद स्मारक थाने के गाजनपुर गांव की कौशल्या, दुवरिया गांव के सीताराम, सीमा, सोनाली, रामपति व राज, गौरीगंज थाने के तेजगढ़ गांव निवासी सुमन तथा शिवपती घायल हो गईं। अन्य पांच लोगों को मामूली चोटें आईं।
पुलिस ने श्रमिक के शव को कब्जे में ले लिया। घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह व सीएमओ डॉ. बद्री प्रसाद अग्रवाल सहित चिकित्सकों की टीम उनके उपचार में लगी है। एसडीएम गौरीगंज दिग्विजय सिंह व गौरीगंज विधायक प्रतिनिधि उमेश सिंह ने अस्पताल में घायलों का हाल जाना। जिला अस्पताल में घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। एसएचओ श्याम नारायण पांडेय ने बताया कि मृतक के परिजन की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है। वाहन को कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है। मामले में वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।