अमेठी सिटी। जिला स्तरीय शिक्षण अधिगम सामग्री प्रदर्शनी का आयोजन राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गौरीगंज में किया गया। इसमें जिले के सभी 37 राजकीय कॉलेजों के 10 विषयों के 70 शिक्षकों ने बच्चों की ओर से बनाए गए शिक्षण सामग्री का प्रदर्शन किया।
जांच के बाद अलग-अलग विषयों में शिक्षकों को प्रथम द्वितीय तृतीय स्थान प्रदान किया गया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले सभी शिक्षक जीजीआईसी, अयोध्या में मंडल स्तरीय प्रदर्शनी में हिस्सा लेंगे।
प्रदर्शनी में शिक्षण सामग्री को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। विज्ञान, गणित व भाषा पर आधारित मॉडल आदि का प्रदर्शन किया गया। प्रतियोगिता में हिंदी विषय में पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय माध्यमिक इंटर कॉलेज उड़वा के शिक्षक सत्येंद्र कुमार गौतम, अंग्रेजी विषय में उड़वा के ही शिक्षक बृजेंद्र कुमार, जीजीआईसी शाहगढ़ की गणित प्रवक्ता सौम्या तिवारी, जीजीआईसी शाहगढ़ की इतिहास शिक्षिका सत्या केसरवानी, राजकीय हाईस्कूल पीढ़ी की भूगोल शिक्षिका बबली, जीजीआईसी जामो की नागरिक शास्त्र शिक्षक जया तिवारी, जीआईसी राजा फत्तेपुर के अर्थशास्त्र शिक्षक रणजीत चौरसिया, जीजीआईसी जायस की भौतिक विज्ञान शिक्षिका मालती, पंडित दीन दयाल उपाध्याय राजकीय माध्यमिक विद्यालय उड़वा के रसायन विज्ञान प्रवक्ता अनुराग मिश्रा, जीजीआईसी शाहगढ़ की जीव विज्ञान प्रवक्ता निहारिका मिश्र को प्रथम पुरस्कार दिया गया।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राजेश कुमार द्विवेदी ने विजेताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। निर्णायक मंडल में इंदिरा गांधी पीजी कॉलेज के सहायक प्रोफेसर डॉ. धर्मेंद्र कुमार सिंह, डॉ. केके मिश्र, प्रो. विनोद कुमार मिश्र, डॉ. नवेंद्र तिवारी, डॉ. कुश मिश्र, डॉ. पूजा सिंह ने सहयोग किया।
इस दौरान राजकीय इंटर कॉलेज टीकर माफी के प्रधानाचार्य राहुल सिंह, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गौरीगंज की प्रधानाचार्य डॉक्टर संगीता शर्मा, समग्र शिक्षा के समन्वयक उमेश पाल आदि मौजूद रहे।