यूपी में अमेठी के जामों थाना क्षेत्र के बरेहटी गांव निवासी पवन कुमार यादव (22) की बुधवार को बस्ती जिले में हुए सड़क हादसे में मौत हो गई। खबर मिली तो परिवार में कोहराम मच गया। देर रात परिजन शव लेकर गांव लौटे तो हर आंख नम दिखी। बृहस्पतिवार को अंतिम संस्कार किया गया।
मृतक पवन के पिता गया बक्स यादव ने बताया कि उनका बेटा पिकअप चालक था। बुधवार को वह बस्ती सामान लाने के लिए मुसाफिरखाना के मिश्रपुर गांव निवासी राहुल कुमार और प्रदीप कुमार के साथ निकला था।
बस्ती जिले के कलवारी थाना क्षेत्र के नगर पंचायत गायघाट के पास रामजानकी मार्ग पर पिकअप अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गई। हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जामों थाने से फोन पर सूचना मिली कि पवन घायल है। जब वे मौके पर पहुंचे, तब उन्हें पवन की मौत की खबर मिली। वहीं अन्य दो घायलों का इलाज बस्ती में चल रहा है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
मृतक पवन कुमार अपने पीछे माता राजकुमारी, बड़ी बहन सुदामा (24), भाई राहुल कुमार (23) और अमन (14) को छोड़ गया है। बेटे की असमय मौत से पिता गया बक्स का दुख छलक पड़ा। उन्होंने कहा कि जिस बेटे को कंधा देना था, आज उसी का दाह-संस्कार कर रहे हैं।
इंस्पेक्टर विनोद सिंह ने बताया कि यह मामला बस्ती जिले से जुड़ा है। वहीं से विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि परिजनों को आवश्यकता पड़ने पर स्थानीय स्तर पर नियमानुसार मदद उपलब्ध कराई जाएगी।