अमेठी सिटी। गौरीगंज कोतवाली क्षेत्र में टिकरिया मोड़ के पास बृहस्पतिवार की सुबह पिकअप टायर फटने के बाद अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में सत्संग में शामिल होने टीकरमाफी जा रहे 16 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सक ने एक युवक की हालत गंभीर देख उसे एम्स रायबरेली रेफर कर दिया।
गौरीगंज कोतवाली क्षेत्र के आसपास के ग्रामीण पिकअप में सवार होकर सत्संग में शामिल होने टीकरमाफी जा रहे थे। पिकअप अमेठी रोड पर स्थित टिकरिया गांव के पास पहुंची थी। तभी उसका एक टायर फट गया, जिससे पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे के बाद वाहन में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई।
मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने घायल घुड़ले पुरवा निवासी रामदेव (45), मऊ गांव के ओम प्रकाश (45), इनकी पत्नी अनारकली (42), जानकी (50), मेदन मवई निवासी राधेश्याम (50), पूरे तिलक राम पांडेय गांव निवासी सज्जन (30), धर्मा (45) पत्नी नन्हेलाल, रामसुंदर (60), इनकी पत्नी कमला (58), महिमा (18) पुत्री राजू, सीता मिश्रा (60) पत्नी रामकरन मिश्र सहित 16 लोगों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने सज्जन की गंभीर हालत देखते हुए उन्हें एम्स रायबरेली रेफर कर दिया। अन्य घायलों की हालत खतरे से बाहर है। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
अस्पताल पहुंचे डीएम व एसपी, जाना घायलों का हाल
हादसे की जानकारी मिलते ही डीएम निशा अनंत और पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह जिला अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने घायलों का हाल जाना। साथ ही उपचार का जायजा लिया। चिकित्सकों को घायलों का बेहतर उपचार के निर्देश दिए।