अमेठी। कोतवाली क्षेत्र में दुर्गापुर मार्ग स्थित हथकिला के पास सोमवार को बेकाबू पिकअप ने ई रिक्शे में टक्कर मार दी। हादसे में ई रिक्शा सवार चार छात्राओं समेत सात लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया।
सोमवार दोपहर सवारी लेकर ई रिक्शा अमेठी-दुर्गापुर मार्ग से हथकिला की ओर से जा रहा था। हथकिला गांव के समीप एक अनियंत्रित पिकअप ने उसको टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा सवार हथकिला निवासी चालक जुगुल (55), यहीं की निवासी छात्रा जान्हवी (13), अंशिका (12), आयुषी (11) व जमाल पट्टी निवासी छात्रा समृद्धि समेत एक अन्य महिला और बुजुर्ग घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से घायल छात्राओं व ई रिक्शा चालक को सीएचसी ले जाया गया। मामूली रूप से घायल बुजुर्ग व महिला ने निजी चिकित्सक के यहां इलाज कराया। सभी छात्राएं विद्या मंदिर स्कूल में पढ़ती हैं। चिकित्सकों ने उपचार के बाद सभी को घर भेज दिया। पुलिस को भी घटना से अवगत करा दिया गया है।