मोहनगंज में रायबरेली–अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग पर अलाईपुर गांव के पास पलटी पिकअप।-संवाद
तिलोई। मोहनगंज में रायबरेली-अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग पर अलाईपुर गांव के पास सोमवार को पिकअप और बाइक की भिड़ंत हो गई। इसके बाद पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। हादसे में बाइक सवार सहित पिकअप सवार 11 लोग घायल हो गए। दो घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें एम्स रेफर किया गया है।
रायबरेली के बंसीखेड़ा मजरे जोगापुर खीरों निवासी ब्रजमोहन ने बताया कि गांव के लोग पिकअप से दर्शन के लिए अयोध्या जा रहे थे। इसी दौरान मोहनगंज के उत्तरपारा निवासी कौशलेंद्र सिंह बाइक से सिलिंडर लेकर घर लौट रहे थे। सामने से आ रही पिकअप ने बाइक को चपेट में ले लिया। इसके बाद पिकअप गड्ढे में जा गिरी। हादसे में बाइक सवार कौशलेंद्र सिंह के अलावा पिकअप सवार किरन (24), शैलेश कुमारी (27), श्रीकांति (28), शीला (17), अंकित (24), मंशा (45), अजय (21), ब्रजमोहन (75), रामकुमारी (50) और अंकुर (18) घायल हो गए।
राहगीरों की मदद से सभी को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने बताया कि गर्भवती श्रीकांति और रामकुमारी की हालत गंभीर है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए एम्स भेजा गया है। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से चला गया। थाना प्रभारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।