जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर में सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित कार्यक्रम में मौजूद भाजपा
अमेठी सिटी। गौरीगंज स्थित जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर में बृहस्पतिवार को प्रदेश सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने पर नव निर्माण के नौ वर्ष थीम पर आधारित नौ दिवसीय प्रदर्शनी का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की ओर गीत, नाट्य और नृत्य प्रस्तुत किए गए। खेल विभाग ने राष्ट्रीय स्तर के पदक विजेता खिलाड़ियों को पगड़ी और ट्रैक शूट देकर सम्मानित किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ल ने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। कहा कि आज सरकार की ओर से संचालित योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं। इससे सामाजिक और आर्थिक सशक्तीकरण को मजबूती मिली है। उन्होंने अपील की कि इस नौ दिवसीय प्रदर्शनी में अवश्य आएं। शासन की ओर से चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें। पात्रता अनुसार इन योजनाओं का लाभ उठाएं।
कार्यक्रम के दौरान जिलाध्यक्ष ने सीडीओ सचिन कुमार सिंह, डीडीओ वीरभानु सिंह, पीडी ऐश्वर्य यादव व अन्य अधिकारियों के साथ विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। सूचना विभाग ने विकास परक योजनाओं से संबंधित तो आयुर्वेद, स्वास्थ्य विभाग संग पर्यटन, एनआरएलएम, महिला कल्याण और कौशल विकास सहित अन्य विभागों ने प्रदर्शनी लगाई।
वहीं उद्योग विभाग की ओर से विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के पांच लाभार्थियों को टूल किट और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी स्वरोजगार योजना के पांच लाभार्थियों को पांच लाख रुपये के डमी चेक प्रदान किए गए। आपदा बचाव में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 10 पीआरडी जवानों को भी प्रशस्ति पत्र मिले। इस दौरान बीएसए संजय तिवारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी संतोष कुमार श्रीवास्तव, डीपीआरओ मनोज त्यागी, एसीएमओ डॉ. पीके उपाध्याय आदि मौजूद रहे।