फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amethi News: कैंसर को लेकर जागरूक हों लोग

Wed, 05 Feb 2025 12:55 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अमेठी
विज्ञापन
विज्ञापन
अमेठी सिटी। जन जागरुकता से ही कैंसर के मामलों में कमी लाई जा सकती है। जब तक सभी लोगों का सहयोग नहीं होगा, तब तक समाज को कैंसर मुक्त नहीं बनाया जा सकता। ये बातें मंगलवार को सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह ने कार्यालय परिसर में विश्व कैंसर दिवस पर आयोजित गोष्ठी व हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ करते हुए कहीं।
विज्ञापन



विश्व कैंसर दिवस पर जिले में सीएमओ कार्यालय सहित 248 स्थानों पर रैली, जन जागरूकता गोष्ठी, हस्ताक्षर अभियान व स्क्रीनिंग की गई। जिला अस्पताल व सीएचसी सहित अन्य स्थानों पर मरीजों की स्क्रीनिंग कर उन्हें नशे से दूर रहने की सलाह दी गई। अस्पतालों में आए मरीजों व तीमारदारों को कैंसर से संबंधित जानकारी देकर जागरूक किया गया। सीएमओ कार्यालय से रैली भी निकाली गई।


सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह ने कहा कि कैंसर अब कोई लाइलाज बीमारी नहीं है। अगर सही समय पर पता चल जाए तो इसका उपचार किया जा सकता है। कैंसर कई तरह का होता है। इसको लेकर लोगों को जागरूक रहने की जरूरत है। जिले में सर्वाइकल कैंसर के मात्र तीन मरीज और ओरल कैंसर के आठ मरीजों का निशुल्क इलाज चल रहा है। वहीं, जिला अस्पताल में सीएमएस डॉ. बद्री प्रसाद अग्रवाल ने कहा कि कैंसर के प्रति जागरूक होने की जरूरत है।
विज्ञापन



महिलाओं को ज्यादातर स्तन कैंसर होता है। इससे शरीर में कई तरह के बदलाव आते हैं। वहीं, पुरुषों को बताया कि तंबाकू खाने से मुंह का कैंसर होता है। इसलिए, इसका सेवन तुरंत छोड़ दें। कहा कि खानपान, व्यायाम, नशा से दूर रहकर नियमित स्वास्थ्य जांच व टीकाकरण कराएं। एसीएमओ डॉ. पीके उपाध्याय व एसीएमओ डाॅ. राम प्रसाद ने लोगों से अपील की कि यदि शरीर में असामान्य गांठ, लगातार खांसी, वजन में कमी, थकान या किसी अन्य गंभीर लक्षण दिखाई दें तो तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें। इस दौरान पंकज साहू,विजय कुमार, डीएमपीएम बंसत कुमार राय, श्रीराज, स्वाति आदि मौजूद रहे।


रैली निकाल किया जागरूक
शाहगढ़/अमेठी। सीएचसी अमेठी, शाहगढ़, संग्रामपुर, गौरीगंज सहित अन्य सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर जागरूकता रैली के साथ कार्यक्रम आयोजित हुआ। शाहगढ़ में प्रभारी डॉ. डीएस दुबे, अमेठी में डॉ. आलोक तिवारी, गौरीगंज में डॉ. राजीव सौरभ, संग्रामपुर में डॉ. संतोष सिंह व भेंटुआ में डॉ. अभिमन्यु वर्मा की अगुवाई में विश्व कैंसर दिवस पर रैली निकाली गई, जिसमें विश्व में बढ़ती हुई कैंसर के मरीजों की संख्या पर चिंता व्यक्त करते हुए नशे से दूर का संकल्प लिया गया। कर्मचारियों ने शपथ लेते हुए हस्ताक्षर किए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें