अमेठी। जिले में पेट्रोल-डीजल संकट ने बृहस्पतिवार को लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दीं। शहर से लेकर आसपास के क्षेत्रों तक कई पेट्रोल पंपों पर तेल खत्म हो गया। जिन पंपों पर ईंधन उपलब्ध था वहां भी सीमित मात्रा में बिक्री की गई। कहीं 100 रुपये तो कहीं 200 रुपये तक ही पेट्रोल दिया गया, जबकि डीजल भी सीमित मात्रा में मिला।
अमेठी शहर के बाईपास स्थित तीन पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल पूरी तरह खत्म रहा। दुर्गापुर सड़क और सुल्तानपुर-अंतू सड़क के कई पंपों पर भी लोगों को निराश लौटना पड़ा। मुंशीगंज सड़क के एक पंप पर पेट्रोल मिलने की सूचना पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। घंटों इंतजार के बाद भी कई लोगों को तेल नहीं मिल सका।
तेल की कमी से लोगों की दिनचर्या प्रभावित रही। कई बाइक सवार रास्ते में पेट्रोल खत्म होने के बाद वाहन धक्का देकर ले जाते नजर आए। लोगों में पेट्रोल-डीजल को लेकर बेचैनी और नाराजगी दोनों दिखी। पूर्ति निरीक्षक शुभम ने बताया कि जरूरत से ज्यादा तेल खरीदने की कोशिश के कारण कुछ स्थानों पर दबाव बढ़ा है। सभी उपभोक्ताओं तक ईंधन पहुंचाने के लिए सीमित बिक्री कराई जा रही है।