संवाद न्यूज एजेंसी
अमेठी सिटी। पीसीएस-प्री परीक्षा के लिए जिला प्रशासन की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वहीं जिले में अभ्यर्थियों के पहुंचने का सिलसिला तेज हो गया है। शनिवार शाम से ही अभ्यर्थी जिले में पहुंचने लगे। सीसीटीवी की निगरानी में परीक्षा से पहले दो बार जांच की जाएगी।
पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा के लिए जिले के सभी 12 केंद्रों पर प्रत्येक कक्ष में सीसीटीवी व समय देखने के लिए घड़ी की व्यवस्था की गई है। इसी के साथ पार्किंग, क्लॉक रूम, पेयजल, शौचालय आदि की व्यवस्था को दुरुस्त किया गया है। जिलाधिकारी निशा अनंत ने कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। सभी 12 परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरा, पार्किंग की व्यवस्था, पर्याप्त मात्रा में प्रकाश की व्यवस्था, सीटिंग प्लान, कंट्रोल रूम, स्ट्रांग रूम सहित अन्य व्यवस्थाओं की जांच की गई।
डीएम ने बताया कि सभी जगह पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल उपलब्ध रहेगा। परीक्षा कक्ष में अभ्यर्थियों को घड़ी, मोबाइल, कैल्कुलेटर तथा अन्य किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस को लेकर जाना पूर्णतया प्रतिबंधित रहेगा। परिवहन निगम के एआरएम काशीनाथ ने बताया कि परीक्षार्थियों के आवागमन के लिए पर्याप्त मात्रा में बस की सुविधा उपलब्ध रहेगी।