अमेठी सिटी। अनियमित दिनचर्या और ठंड की वजह से सर्वाइकल मरीजों की संख्या बढ़ रही है। कंधे और गर्दन के पास दर्द से परेशान होकर प्रतिदिन 10 से 15 मरीज जिला अस्पताल पहुंच रहे हैं। चिकित्सक मरीजों को परामर्श और दवाओं के साथ ही जरूरी थेरेपी कराने की सलाह दे रहे हैं।
जिला अस्पताल के आर्थो विभाग की ओपीडी में शनिवार को मिले पवन कुमार ने बताया कि ठंड के समय सर्वाइकल की समस्या बढ़ जाती है। चिकित्सक को अभी दिखाया है। उन्होंने दवा देने संग फिजियोथेरेपी कराने व सावधानी बरतने की सलाह दी है। विमला देवी ने बताया कि उन्हें कंधे के साथ हाथ में दर्द हो रहा है। दर्द की दवा का असर जब तक रहता है, तब तक आराम रहता है।
हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. हनुमान प्रसाद ने बताया कि सर्वाइकल की सबसे बड़ी वजह मोबाइल, कंप्यूटर, लैपटॉप पर गलत ढंग से काम करने और अधिक समय बिताना है। दवा और फिजियोथेरेपी से ये परेशानी ठीक हो जाती है। डॉ. हनुमान प्रसाद ने बताया कि सर्वाइकल से बचाव के लिए ऊनी कपड़े पहनें। नियमित योग व व्यायाम बहुत आवश्यक है।