जिला अस्पताल की ओपीडी में लगी मरीजों की भीड़। संवाद।
अमेठी सिटी। बढ़ती गर्मी के बीच जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ रही है। सोमवार को ओपीडी 1100 के पार रही। इसमें आधे से अधिक मरीज बुखार और खांसी से पीड़ित रहे। मरीजों की भीड़ अधिक होने से लोगों को अपनी बारी के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा।
मौसम की मार लोगों की सेहत बिगाड़ रही है। जिला अस्पताल से लेकर सीएचसी व पीएचसी पर मरीजों की भीड़ दिख रही है। अस्पताल में फिजिशियन, सर्जन, ईएनटी विशेषज्ञ के कक्ष के बाहर मरीजों की भीड़ लगी रही। इनमें वायरल बुखार, खांसी, जुकाम से पीड़ित लोग अधिक रहे।
सोमवार को ओपीडी में 1198 मरीज पहुंचे जिनमें बुखार के 513, खांसी के 101, ठंड लेकर बुखार के 103 और जुकाम के 107 मरीज रहे। पेट दर्द के 101, दस्त के 96, डिहाईड्रेशन के 21 और मनोरोग से संबंधित 156 मरीज पहुंचे।
चिकित्सक डॉ. शुभम पांंडेय ने बताया कि मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव से मरीजों की संख्या में वृद्धि हुई है। खांसी, वायरल बुखार के साथ ही उल्टी-दस्त से पीड़ित मरीज आ रहे हैं। सभी को उपचार के साथ सेहत का ध्यान रखने की सलाह दी जा रही है। कहा कि बदलते मौसम में सेहत पर ध्यान देने की जरूरत है। खाने-पीने में परहेज करना चाहिए। लोगों को अधिक दिक्कत होने पर चिकित्सकों की सलाह लेनी चाहिए।