राजाफत्तेपुर (अमेठी)। मरीजों को सीएचसी परिसर में सस्ती दर पर दवाएं मिलेंगी। इसको लेकर रविवार को सिंहपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र का संचालन शुरू हो गया। इसका शुभारंभ अयोध्या धाम गोकुल भवन पीठाधीश्वर महंत परशुराम दास महराज ने किया।
उन्होंने कहा कि सेवाभाव से बड़ा कोई धर्म नहीं है। गरीबों की सेवा करने से ईश्वर भी प्रसन्न होते हैं। सीएचसी अधीक्षक सुनील चौधरी ने बताया कि प्रधानमंत्री जन औषधि योजना का मुख्य उद्देश्य मरीजों को सस्ती दर पर गुणवत्तापूर्ण दवा उपलब्ध कराना है। जन औषधि केंद्र पर उपलब्ध दवाएं ब्रांडेड दवाओं की तुलना में 50 फीसदी से 90 फीसदी तक सस्ती होती हैं।
बताया कि केंद्र पर एंटीबायोटिक, दर्द निवारक, हृदय रोग, मधुमेह, के साथ साथ डायलिसिस रोगियों के लिए प्रोटीन पाउडर, महिला प्रोटीन आदि दवाएं उपलब्ध हाेंगी। इससे मरीजों को काफी सहूलियत मिलेगी। इस दौरान राहुल सिंह, अनिल मिश्र, विपुल सिंह, आकांक्षा सिंह, धीरेंद्र सिंह, तिलक धारी सिंह आदि मौजूद रहे।