जगदीशपुर (अमेठी)। कमरौली क्षेत्र के ढूंडेहरी गांव के मजरा पूरे लाला में रविवार सुबह जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। इसमें 11 लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही डायल 112 व कमरौली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को ट्रॉमा सेंटर जगदीशपुर में भर्ती कराया। चार की हालत गंभीर होने पर उन्हें ट्राॅमा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया है।
कमरौली थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर कर्मवीर ने बताया कि सत्यनारायण रविवार को अपने घर की पुरानी कच्ची दीवार के भीतर पक्की दीवार बनाकर गेट लगा रहे थे। इसके बाद जब उन्होंने पुरानी दीवार गिरानी शुरू की तो दूसरे पक्ष के माताफेर ने इसका विरोध किया। इसी बात को लेकर मारपीट शुरू हो गई।
इसमें एक पक्ष के सत्यनारायण (45), सूरजकली (42), कंचन (26), लक्ष्मी (17), रिंकी (11), रिकास (13), आकाश उर्फ गौरव (17) तो दूसरे पक्ष के माताफेर (70), गोरख प्रसाद (42), संजय (27), आशीष (22) घायल हो गए। सभी घायलों को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने सत्यनारायण, सूरजकली, कंचन और गौरव को गंभीर हालत में ट्राॅमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष कमरौली अभिनेष कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मेडिकल परीक्षण कराया गया है। केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।