गौरीगंज जिला अस्पताल स्थित में उपचार के लिए बारी का इंतजार करते मरीज।
अमेठी सिटी। भले ही जिले में जनवरी से अब तक 17 संदिग्ध व 10 पुष्टि डेंगू रोगी ही मिले हों, लेकिन अस्पतालों में डेंगू के लक्षणों वाले मरीज काफी संख्या में पहुंच रहे हैं। हालांकि उनकी जांच रिपोर्ट वायरल बुखार के साथ प्लेटलेट्स 70 हजार के भी नीचे पहुंचने की पुष्टि हो रही है। मरीजों में लक्षण डेंगू जैसे हैं, लेकिन रिपोर्ट में पुष्टि नहीं हो रही।
जिला अस्पताल में रोजाना 400-500 मरीज बुखार के पहुंच रहे हैं। इनमें ज्यादातर मरीज वायरल बुखार के हैं। जबकि कुछ डेंगू संभावित मरीज आ रहे हैं। एक सप्ताह से बुखार आने पर चिकित्सक मरीजों की डेंगू की जांच करा रहे हैं। सितंबर माह में 56 लोगों की कार्ड से डेंगू जांच की गई। मगर, कोई भी डेंगू पॉजिटिव नहीं मिला। वहीं कई मामलों में बुखार से ग्रसित मरीजों की प्लेटलेट्स भी कम हो रही है। मरीजों में जुकाम, खांसी, तेज बुखार, सिर दर्द, बदन दर्द, पैरों में दर्द की समस्या देखने को मिल रही है। हालांकि डेंगू रिपोर्ट सामान्य आ रही है।
चिकित्सकों का कहना है कि मौसम में परिवर्तन से लोगों की रोग प्रतिरोध क्षमता कमजोर हो रही है। इससे लोग वायरल बुखार की चपेट में आ रहे हैं। फिजीशियन डॉ. शुभम पांडेय, डॉ. अमित यादव व बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. लईक-उल-जमा व सीएसची गौरीगंज में डॉ. राजीव सौरभ की ओपीडी में सबसे ज्यादा भीड़ रही। बुखार होने पर मरीजों के खून की जांच कराई जा रही है। जांच में प्लेटलेट्स तो कम मिल रही है, लेकिन सिर्फ वायरल बुखार होेने की बात सामने आ रही है।
बरतें सावधानी
मरीजों की लक्षण के आधार पर डेंगू की जांच कराई जा रही है। लेकिन अभी तक डेंगू का कोई मरीज नहीं मिला है। इस समय ज्यादातर लोग वायरल बुखार की चपेट में हैं। इसलिए थोड़ी सावधानी बरतें और चिकित्सक से परामर्श लें। -डॉ. बद्री प्रसाद अग्रवाल, सीएमएस