अमेठी सिटी। चिलचिलाती धूप और गर्मी बढ़ने पर बीमारियां बढ़ गई हैं। जिला अस्पताल में बुखार, उल्टी, दस्त के मरीज आ रहे हैं। इस दौरान इमरजेंसी में मरीजों की संख्या बढ़ गई है। वहीं डिहाइड्रेशन के भी मरीजों का इलाज किया जा रहा है।
जिला अस्पताल में गर्मी के कारण इमरजेंसी के साथ मरीजों की ओपीडी एक सप्ताह के अंदर बढ़ गई है। अगर बात करें तो 22 अप्रैल की रात 12 बजे से 24 अप्रैल सुबह करीब 10 बजे तक पेट दर्द, उल्टी, दस्त व बुखार के करीब 50 से अधिक मरीज सिर्फ इमरजेंसी के दौरान पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने भर्ती कर इलाज किया। इसके अलावा ओपीडी में भी इससे संबंधित मरीजों की संख्या बढ़ी है।
ओपीडी में आए मरीजों की हालत खराब होने पर उन्हें इमरजेंसी में भर्ती किया जा रहा है। डॉ. अमित यादव ने कहा कि गर्मी में दिन-रात का तापमान बढ़ रहा है। शरीर में पानी की कमी होने पर संक्रमण अधिक फैल रहा है। इस कारण मरीजों के प्लेटलेट्स भी घट रहे हैं। पहले से सांस के मरीजों की संख्या भी अधिक हो गई है। डॉक्टर ग्लूकोज चढ़ाने के साथ डिहाइड्रेशन के बचने की सलाह दे रहे हैं। गर्मी के मौसम में बाहर के खाने से भी मरीज बीमार हो रहे हैं।
सीएमएस डाॅ. बद्री प्रसाद अग्रवाल ने बताया कि जिला अस्पताल में यहां के अलावा अन्य स्थानों से मरीज आ रहे हैं। इन सभी का इलाज किया जा रहा है। गर्मी में खानपान का ध्यान न रखने के कारण और पानी की कमी के कारण लोग बीमार पड़ रहे हैं।
ऐसे करें बचाव
डॉ. शुभम पांडेय ने बताया कि गर्मी में खूब पानी पीएं। इसके अलावा अन्य तरल पदार्थ नारियल पानी और ताजा जूस भी ले सकते हैं। दिन में सबसे गर्म समय में बाहर निकलने से बचें। ठंडे पानी से स्नान करें या अपने शरीर पर ठंडी पट्टी रखें। अपने हाथों को नियमित रूप से धोएं और आसपास सफाई रखें। तला-भुना खाने से बचें। ताजा खाना खाएं। पानी उबालकर ओआरएस डालकर पिएं।