जगदीशपुर स्थित बड़ागांव रेलवे क्रॉसिंग पर जाम में फसे लोग।-स्रोत : स्थानीय ग्रामीण
जगदीशपुर (अमेठी)। क्षेत्र के वारिसगंज रोड स्थित बड़ागांव रेलवे क्रॉसिंग पर बृहस्पतिवार सुबह ई रिक्शा की टक्कर से समपार फाटक क्षतिग्रस्त हो गया। इससे क्रॉसिंग पर जाम लग गया। हादसे के समय गेटमैन मेमू ट्रेन के लिए फाटक बंद कर रहा था।
लखनऊ-सुल्तानपुर-वाराणसी रेलवे ट्रैक पर सुबह 9:24 बजे अप सुल्तानपुर-उतरेटिया मेमू ट्रेन के आगमन की सूचना मिलने पर गेट संख्या 125 को गेटमैन मनीष कुमार बंद कर रहे थे। उसी दौरान जगदीशपुर की ओर से आ रहे एक ई रिक्शा ने फाटक को टक्कर मार दी, जिससे फाटक टूट गया। हादसे के बाद चालक ई रिक्शा सहित मौके से भाग निकला।
स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए गेटमैन ने निहालगढ़ स्टेशन अधीक्षक लखनलाल मीना को सूचित किया। तत्पश्चात, सुरक्षा नियमों के तहत स्लाइडिंग बूम की सहायता से गेट को मैन्युअली बंद कर ट्रेन को धीमी गति से क्रॉसिंग पार कराया गया। इस दौरान क्राॅसिंग पर कई बार जाम की स्थिति बनी।
हादसे की जानकारी मिलते ही आरपीएफ पोस्ट निहालगढ़ की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार ने बताया कि ई रिक्शा की पहचान कर उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। स्टेशन अधीक्षक लखनलाल मीना ने बताया कि ई रिक्शा की टक्कर से गेट क्षतिग्रस्त हुआ है, लेकिन ट्रेन कासंचालन बाधित नहीं हुआ। फाटक की मरम्मत कार्य जारी है।