अमेठी सिटी। होली और सहालग के चलते ट्रेनों में जबरदस्त भीड़ उमड़ रही है। शादी-ब्याह के कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए लोग घर पहुंचना चाहते हैं, लेकिन कन्फर्म टिकट न मिलने से सफर चुनौती बन गया है। मजबूरी में यात्री अनारक्षित कोच का सहारा ले रहे हैं, जहां क्षमता से दोगुनी तक भीड़ देखी जा रही है। सोमवार को गौरीगंज से गुजरने वाली कई ट्रेनों के जनरल डिब्बों में खड़े होने तक की जगह नहीं थी।
लखनऊ-प्रतापगढ़ रेलखंड पर ठहराव वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, न्यू फरक्का एक्सप्रेस, नीलांचल एक्सप्रेस, पंजाब मेल, जनता एक्सप्रेस, मरुधर एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों में भारी भीड़ रही। यात्री गेट के पास खड़े होकर सफर करते दिखे। लुधियाना जाने के लिए पंजाब मेल का इंतजार कर रहे कमलापति, राधेश्याम और शिव किशोर ने बताया कि उन्हें कन्फर्म टिकट नहीं मिल सका। ऐसे में जनरल कोच में ही यात्रा करनी पड़ेगी। उनका कहना था कि ट्रेन में चढ़ना भी किसी चुनौती से कम नहीं है।
प्लेटफार्म संख्या दो पर पंजाब मेल और जनता एक्सप्रेस के प्रस्थान के दौरान यात्रियों को साधारण कोच में चढ़ने के लिए जूझते देखा गया। स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि होली व सहालग के कारण ट्रेनों में यात्रियों की संख्या बढ़ी है। भीड़ अधिक होने से आवाजाही में दिक्कत हो रही है, फिर भी व्यवस्था संभालने का प्रयास किया जा रहा है।