अमेठी सिटी। गर्मी में रेल यात्रियों की दुश्वारियां दूर होने का नाम नहीं ले रही है। मंगलवार की देरशाम 04:46 बजे पहुंचने वाली जम्मूतवी-हावड़ा हिमगिरि एक्सप्रेस बुधवार अलसबुह 2:26 बजे निहालगढ़ पहुंची। गौरीगंज से गुजरने वाली हावड़ा-अमृतसर पंजाब मेल के 20 घंटे विलंब से संचालित होने की सूचना यात्रियों को मिली।
लखनऊ-सुल्तानपुर-वाराणसी रेल ट्रैक पर प्रत्येक सोमवार व बृहस्पतिवार को जम्मूतवी से रवाना होकर मंगलवार व शुक्रवार शाम 4:46 बजे निहालगढ़ में ठहराव के साथ हावड़ा को जाने वाली हिमगिरि एक्सप्रेस पंजाब में चल रहे किसान आंदोलन से प्रभावित हो रही है। मंगलवार को निहालगढ़ स्टेशन से ट्रेन से यात्रा करने के लिए आरक्षित टिकट बुक करवाने वाले यात्रियों को परेशानी हुई।
आगे के दिनों में वेटिंग या नो रूम की स्थिति होने से मजबूरी में लोगों को रात भर प्लेटफार्म पर रहना पड़ा। हिमगिरि एक्सप्रेस 11 घंटे देरी से संचालित होकर बुधवार सुबह 2:26 बजे निहालगढ़ पहुंची। प्रतिदिन जम्मूतवी से वाराणसी के बीच संचालित होने वाली बेगमपुरा एक्सप्रेस भी बुधवार को चार घंटे देरी से संचालित हुई।
मुजफ्फरपुर-आनद विहार समर स्पेशल बुधवार को दो घंटे, लखनऊ-प्रयागराज संगम भी दो घंटा विलंब से संचालित हुई। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने अप पंजाब मेल के 20 घंटा विलंब से संचालित होकर बृहस्पतिवार सुबह तक पहुंचने की उम्मीद बताई।