अमेठी सिटी। गर्मी के मौसम में ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ा है। सोमवार रात से मंगलवार दिन में गौरीगंज रेलवे स्टेशन आने वाली कई ट्रेनें घंटों देरी से पहुंचीं, जिससे यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी।
आनंद विहार-दानापुर जनसाधारण एक्सप्रेस सोमवार रात आने वाली थी, लेकिन चार घंटे विलंब से मंगलवार सुबह पहुंची। जनरल कोचों में यात्रा करने वाले यात्री पूरी रात प्लेटफॉर्म पर बैठकर ट्रेन का इंतजार करते रहे। इसी तरह हावड़ा-अमृतसर पंजाब मेल और वाराणसी-देहरादून जनता एक्सप्रेस दो घंटे, राजेंद्रनगर-जम्मूतवी अर्चना एक्सप्रेस एक-एक घंटे की देरी से पहुंची।
इसके अलावा योगनगरी एक्सप्रेस दो घंटे, पद्मावत एक्सप्रेस और भोपाल-प्रतापगढ़ एक्सप्रेस एक-एक घंटे, देहरादून-वाराणसी एक्सप्रेस व अमृतसर-हावड़ा पंजाब मेल ढाई घंटे की देरी से स्टेशन पर आईं। स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि अपरिहार्य कारणों से ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ है। यात्रियों को ट्रेनों की स्थिति की जानकारी समय-समय पर दी जा रही है।